बरहपान में कच्चा मकान ढहने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत, पांच घायल

हादसे के बाद मची चीख-पुकार, पुलिस और ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकाला।
(बैढ़न) सिंगरौली जिले की ग्राम पंचायत बरहपान के लगवा टोला में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रात करीब 8 बजे एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। इस हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और शोक का माहौल छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 09 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे विश्वकर्मा परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक मकान ढह गया और परिवार के लोग मलबे में दब गए। हादसे में अरुण कुमार विश्वकर्मा (35 वर्ष), पिता सुदर्शन विश्वकर्मा, संतुलिया देवी (70 वर्ष), पत्नी सुदर्शन विश्वकर्मा तथा पुष्पा (डेढ़ वर्ष), पिता अरुण कुमार विश्वकर्मा की दबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बैढ़न पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रशासन, स्थानीय सरपंच और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल पांच लोगों को तत्काल जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर, बैढ़न में उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायलों का हाल जानने पहुंचे सांसद और विधायक
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह सीधी-सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश मिश्रा, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह एवं पूर्व नगर पालिक निगम अध्यक्ष चंद्रप्रताप विश्वकर्मा जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बेहतर उपचार के संबंध में जानकारी ली।
रेडक्रॉस की ओर से आर्थिक सहायता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों के परिजनों को सिंगरौली रेडक्रॉस की ओर से एक-एक लाख रुपये तथा घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की बात सामने आई है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में शोक की लहर है।




